मेरी आवारगी

बाबा ने कभी ना नहीं कहा, वो कहते थे "अपन कर लेंगे"

                          बाबा और उनके रंग

बाबा पर कुछ लिखना हो तो शब्द कम पड़ जाते हैं, उन्हें किसी लिखावट या इबारत में पूरा पिरो पाना मेरे लिए तो संभव नहीं है, फिर भी उनसे जुड़े कुछ निजी अनुभव ऐसे रहे हैं कि उनको शब्द-शब्द लिख देना ही बेहतर है। आज भले ही बाबा सशरीर हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन उनका दिया ज्ञान और जिंदगी के सबक आज भी हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं। जब बाबा हमारे बीच थे, उनके लिए कठिन से कठिन चुनौती या काम भी कभी असंभव नहीं था। संभवतः इसीलिए बाबा के मुंह से कभी हमने ना नहीं सुना, वो हमेशा यही कहते थे कि "अपन कर लेंगे"। मैं अब भी जब किसी उलझन में फंसता हूं, तो बस बाबा के दिए ये शब्द ही मेरी सबसे बड़ी ताकत बन जाते हैं कि होगा कैसे नहीं "अपन कर लेंगे"। 

आज जब हम मुट्ठी भर विद्यार्थियों ने मिलकर उनके नाम से एक फाउंडेशन की नींव डाली है, तो हमारी भी यही ताकत है। पुष्पेंद्र पाल सिंह (पीपी सर) बतौर एक शिक्षक ही नहीं बल्कि अपने ऊर्जावान व्यक्तित्व के लिए भी सदैव जाने जाएंगे। क्योंकि कुछ लोग इस दुनिया में छोटी आयु और बेहद बुलंद शख्सियत लेकर आते हैं। पीपी सर वो शख्स रहे हैं, जिनका व्यक्तिगत जीवन ना जाने कब पीछे छूट गया, उनको खुद ही पता नहीं चला। वो सदैव से पब्लिक फिगर रहे, मानो जैसे उनके ललाट पर विधाता ने समाज का कल्याण करना ही लिख दिया था। अपने लाखों चाहने वाले विद्यार्थियों के बीच "बाबा" के संबोधन से पहचाने जाने वाले सर और उनका जीवन ही पूरी की पूरी पाठशाला है। आप आज भी उनको याद करके ही कुछ सीखना चाहें, तो बड़े आराम से सीख सकते हैं। 

बाबा के संचार का तरीका, प्रबंधन की स्किल और हर हाल में हर मोर्चे पर डटे रहने का अद्भुत साहस ही उन्हें विलक्षण बनाता था। उनके साथ एक पेशेवर की तरह मध्यप्रदेश माध्यम में लगभग तीन साल काम करने का जो मेरा खट्टा मीठा अनुभव रहा है, उसने मुझे जीवन में कुछ नया करने का साहस और हिम्मत दोनों दी। इसीलिए ये बात मैं बड़े दावे के साथ आज उनको याद करते हुए कहता हूं कि बाबा चलती-फिरती पाठशाला थे। वो एक ऐसा "पावर हाउस" थे कि उन्हीं के शक्ति पुंज से उन्हीं की ऊर्जा से आज हम सब टिमटिमा रहे हैं। 

बाबा ने कभी हार नहीं मानी वो कभी थके नहीं और ना ही कभी रुके। उनके जीवन में कभी भी कैसा भी दौर रहा हो, उन्होंने अपने ठहाकों से तमाम मुश्किलात को ठोकरें मारी हैं। एमसीयू से जनसंपर्क के अनुषंगी अंग माध्यम तक के सफर के पीछे की कड़वी राजनीति भला किससे छुपी है, लेकिन मध्यप्रदेश माध्यम में भी सिर्फ काम के बलबूते उनकी तूती बोलती थी। "एडिटर इन चीफ" होते हुए उस दौर के एमपी सीएम शिवराज सिंह चौहान के लिए काम करके दिखाना सिर्फ बाबा के वश में ही था। अपनी समावेशी और समाजवादी विचारधारा को उन्होंने अपने किसी भी शासकीय या गैर शासकीय पद के ऊपर हावी नहीं होने दिया। आप सरकारी दफ्तर तो राजनीति की वो काली कोठरी हैं, जहां से बेदाग़ निकलना अक्सर संभव नहीं हो पता है। बावजूद इसके बाबा न इस काजल की कोठरी से दमकते हुए सकुशल निकले। 

बाबा हम विद्यार्थियों के लिए क्या थे, वो कायदे से सिर्फ हम लोग ही समझ सकते हैं, क्योंकि जिस कदर परिवार का सारा समय चुराकर वो हम सभी विद्यार्थियों में बांटते थे। शायद यही वजह है कि उन्होंने सिर्फ पत्रकार नहीं लाखों बेहतर इंसान भी गढ़े। शायद यही उनकी सबसे बड़ी खूबी रही कि उनका अपना कुछ था ही नहीं, जो था सब का सब इसी समाज का था। इसी समाज को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने अपना जीवन होम कर दिया। उन्हें वो करने से माध्यम का सरकारी दफ्तर भी नहीं रोक पाया, जिसके लिए वो जाने जाते थे और वो था उनका शिक्षक होना, गुरु होना, अभिभावक होना। 

माध्यम के दफ्तर में विद्यार्थियों का आना जाना इस कदर बढ़ गया था कि कभी कभी तो घंटों लोगों को उनके केबिन के बाहर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। लेकिन मजाल है कि सरकारी कामकाज या व्यस्तता के चलते कभी किसी विद्यार्थी को बाबा ने मिलने से रोका हो। उनके सरकारी दफ्तर के दरवाजे भी विद्यार्थियों के लिए उसी तरह हमेशा खुले रहते थे, जैसे एमसीयू में उनका विभागाध्यक्ष का चैंबर। इसीलिए शिक्षक होने के इस सुख से वंचित रख पाना स्वयं विधाता के वश में भी नहीं था, क्योंकि पीपी सर की नियति थी कि वो एक दिन "बाबा" बनकर शिक्षा और पत्रकारिता जगत में सूर्य की तरह सदैव देदीप्यमान रहेगें।

हम सब विद्यार्थियों के इतर जो भी उनके समीप आया, उनकी इस आभा को महसूस कर सका। लाखों - करोड़ों में से कोई विरला ही व्यक्ति होता है, जिसका व्यक्तित्व और कृतित्व स्वयं से ही विशाल हो जाए। कुछ ऐसे ही थे हमारे बाबा। उनका इतना विशाल व्यक्तित्व था कि सबसे हिस्से के अपने-अपने बाबा हैं। क्योंकि उनसे जुड़े हर विद्यार्थी का अपना एक अलग किस्सा है। ये बाबा का बहुआयामी व्यक्तित्व ही तो है कि भोपाल में रह रहे हर पत्रकारिता के प्रत्येक छात्र और पत्रकार को कभी भी उनके पास जाने में संकोच महसूस नहीं होता था, चाहे उसने कभी बाबा से क्लास में पढ़ा हो या नहीं। वो सबके लिए सहजता और सरलता से उपलब्ध हो जाते थे। क्या ही दिन या क्या रात। आज के दौर में बाहर नौकरी कर रहे बच्चे घर पर मां बाप को रात 12 बजे कॉल करने में असहज महसूस करते हैं, लेकिन बाबा हम अखबारी लोगों के लिए देर रात 2 बजे दफ्तर से निकलने वक्त भी फोन पर उपलब्ध होते थे। 

मैं तो आज भी ये सोचकर ठिठक जाता हूं कि बाबा ये सब कैसे कर लेते थे। ये सोचकर ही बड़ा अचरज होता है कि बाबा को हजारों विद्यार्थियों का नाम तो याद रहता ही था, बल्कि कौन इस वक्त कहां काम कर रहा है, उसके जीवन में क्या चल रहा है। उन्हें सबकी खबर होती थी। इतनी विलक्षण थी उनकी सूचना संचार शक्ति। सारे दायित्व निभाते हुए, इतनी व्यस्तता के बीच इन सभी कामों के लिए समय निकाल पाना कोई बाबा से सीखे। ऐसा था उनका प्रबंधन। एक साथ कई मोर्चों पर काम करते हुए भी किसी चीज को असंतुलित नहीं होने देते थे। ऐसा गजब का तालमेल था उनका। 

आज भले ही वो हमारे बीच नहीं है, उनकी स्मृतियों का खजाना हमसे कोई छीन नहीं सकता है। हम विद्यार्थियों के बीच के हजारों किस्से हैं, जिनको उकेरने के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे।बाबा जैसा सरल, सहज और निःस्वार्थ जीवन जी पाना आज के दौर में संभव ही नहीं लगता है। मैं पहले भी कई अवसरों पर बाबा को लेकर अक्सर कुछ ना कुछ लिखता था हूं, जिसमें मेरे निजी अनुभव भी दर्ज हैं। आज जब हम सब मुट्ठी भर विद्यार्थियों ने मिलकर बाबा के नाम पर "पुष्पेंद्र पाल सिंह फाउंडेशन" की नींव रखी है, तो मुझे मेरे कानों में बाबा के बस यही शब्द सुनाई दे रहे हैं कि "अपन कर लेंगे"।  

आपको इस 2026 वाले जन्म दिन पर हम सभी की ओर से ये फाउंडेशन एक छोटी सी भेंट है। अपना आशीर्वाद सदैव हम पर बनाए रखिएगा। 

लव यू बाबा
वी ऑल मिस यू

© दीपक गौतम
- 8 अक्टूबर 2026

Post a Comment

1 Comments

sudha said…
🙏🙏 अपन कर लेंगे...